दैनिक मूक पत्रिका बीजापुर । साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर संबित मिश्रा ने जिले में धान खरीदी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और साफ किया कि समर्थन मूल्य पर खरीदी शासन की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने टोकन जारी करने की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आगाह किया कि एस्मा लागू होने के कारण किसी भी तरह की अनियमितता या लापरवाही पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तय है।
कलेक्टर ने चेकपोस्टों में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति पर जोर देते हुए कहा कि फ्लाइंग स्क्वॉड की सक्रियता मैदान में साफ नजर आनी चाहिए। बैठक में उन्होंने सभी पात्र हितग्राहियों को समयसीमा में व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र वितरित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी पात्र व्यक्ति को वनाधिकार पत्र से वंचित न रहने दिया जाए और आवेदन के दौरान काबिज भूमि प्रविष्टि की सही पुष्टि की जाए।
जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक के सफल आयोजन पर कलेक्टर ने सभी विभागों की टीमवर्क की सराहना की। एसआईआर के कार्यों की गुणवत्ता सुधारने और बीएलओ समेत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए गए। बैठक में डीएफओ रंगानाथन रामाकृष्णन वाय ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के बैंक खातों की अद्यतन स्थिति साझा की और आने वाले संग्रहण सीजन की तैयारियों पर प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी। कलेक्टर ने नियद और नेल्लानार क्षेत्र में बुनियादी सेवाओं के विकास, अधोसंरचना मजबूती और योजनाओं में शत प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने पर विभागों को निर्देशित किया। उन्होंने आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल प्रभावित परिवारों को आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने को प्राथमिकता में रखने की बात कही। बैठक में सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे, डीएफओ रंगानाथन रामाकृष्णन वाय, अपर कलेक्टर भूपेंद्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर और जनपद पंचायतों के सीईओ मौजूद रहे।
