बीजापुर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 229वीं बटालियन द्वारा गुरुवार को वाहिनी मुख्यालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम का उद्घाटन कमांडेंट ब्रजेश कुमार सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है, इसलिए हर स्वस्थ व्यक्ति को आगे आकर इस पुनीत कार्य में भाग लेना चाहिए।

शिविर में कुल 17 रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्त संग्रह से पहले सभी दाताओं की स्वास्थ्य जांच की गई और मानक प्रक्रिया का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से रक्त एकत्रित किया गया। इस कार्य में 229वीं बटालियन के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पी. मोहन राजू और जिला अस्पताल बीजापुर के चिकित्साधिकारी डॉ. समीर नंदर रेड्डी के नेतृत्व में विशेष चिकित्सा दल ने सहयोग दिया। रक्तदान करने वाले सभी दाताओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में जिला अस्पताल बीजापुर के चिकित्सकों और चिकित्सा दल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन भविष्य में भी जारी रहेंगे, जिससे जरूरतमंदों को समय पर मदद मिल सके और समाज में रक्तदान की भावना मजबूत हो।
