. बीजापुर। जिले में बिते गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पीडब्ल्यूडी कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।1
जन्मोत्सव के एक दिन पूर्व से ही अखंड रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ हुआ, जो लगातार 24 घंटे तक चला। इस दौरान जिले की चार प्रमुख मंडलियों ने मानस गायन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। माई दंतेश्वरी मंडली के अध्यक्ष अशोक द्विवेदी, महेंद्र द्विवेदी, रिकुं द्विवेदी सहित मुख्य गायक जगदीश झाड़ी, संतोष एड्रिक, तेनजिंग गोग और वादक राजकुमार गुप्ता ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

वहीं बजरंग मानस सेवा समिति के अध्यक्ष टीआर पात्रे के नेतृत्व में राम यज्ञ विश्वकर्मा, अरुण विश्वकर्मा, रुद्र नारायण आचार्य और सिरोज विश्वकर्मा ने भी भजन-कीर्तन की मनमोहक प्रस्तुति दी। महिला मंडलियों में श्रीरामचरित मानस मंडली भट्टीपारा की अध्यक्ष पुष्पा राव और सुरजा यादव तथा आध्या रामायण मंडली बीजापुर की सीमा डोंगरे, रानू डोंगरे व उनकी टीम ने रात्रिकालीन मानस गायन से श्रद्धालुओं का मन जीत लिया।

अखंड पाठ के समापन के बाद विधि-विधान से हवन-पूजन किया गया। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को और विशेष बनाते हुए आने-जाने वाले लोगों के लिए शरबत की व्यवस्था भी की गई।
मंदिर के मुख्य पुजारी अशोक मिश्रा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी नगरवासियों का भरपूर सहयोग मिला, जिससे कार्यक्रम भव्य रूप में संपन्न हुआ। आयोजन में मॉर्निंग वॉकिंग ग्रुप के अध्यक्ष मधु कटला, कोषाध्यक्ष आदित्य मिश्रा, मनोज शाह सहित कई गणमान्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।

हनुमान जन्मोत्सव के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की भी मंदिर में उपस्थिति रही। एसडीएम जागेश्वर कौशल ने संगीतमय भजन-कीर्तन में भाग लेते हुए आरती प्रस्तुत की, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं जिले के भाजपा नेताओं और महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने भी मंदिर पहुंचकर बजरंगबली के समक्ष माथा टेकते हुए नगरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
भंडारे के सफल आयोजन में नगर पालिका द्वारा पानी के दो टैंकर उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही स्थानीय व्यापारियों का भी सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में मुख्य पुजारी अशोक मिश्रा ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
