बीजापुर कलेक्टर विश्वजीत ने जिले के हालात से कराया अवगत, राहत-बचाव की तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश
जगदलपुर/बीजापुर। बस्तर संभाग में लगातार हो रही बारिश के बीच बाढ़ और जलभराव की आशंका को देखते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने शुक्रवार को लोकसभा क्षेत्र के छह जिलों के कलेक्टरों से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने जिलेवार बारिश, बाढ़ की स्थिति और प्रशासन की तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान बीजापुर कलेक्टर विश्वजीत ने जिले के मौजूदा हालात और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियों से सांसद को अवगत कराया।
सांसद ने बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सुकमा और कोंडागांव के कलेक्टरों से चर्चा कर बाढ़ प्रभावित और संभावित प्रभावित क्षेत्रों, जलभराव तथा संवेदनशील इलाकों की स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे क्षेत्रों में प्रशासनिक अमले को अलर्ट रखने के निर्देश दिए।
बीजापुर कलेक्टर विश्वजीत ने जिले में बारिश के कारण बने हालात और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी की जानकारी दी। सांसद ने जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए राहत शिविर पहले से चिन्हांकित रखने और राहत-बचाव दलों को तैयार रखने कहा।
कलेक्टर विश्वजीत से दूरभाष पर चर्चा करते सांसद महेश कश्यप
उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि या बाढ़ की स्थिति में लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की देरी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
सांसद महेश कश्यप ने लोगों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की। उन्होंने नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन या राहत-बचाव दल से संपर्क करने कहा।
भारी बारिश पर कलेक्टर की अपील, बाढ़ सहायता हेतु विशेष फोन नंबर जारी
