तेलंगाना-आंध्रप्रदेश-महाराष्ट्र से पहुंचे अंतरराज्यीय जुआरी पकड़ाए, कैश, मोबाइल और कारें जब्त
बीजापुर। जिले में मुर्गा लड़ाई की आड़ में चल रहे लाखों रुपए के जुए पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भोपालपट्टनम के भद्रकाली थाना इलाके के रायगुड़ा गांव में जुआरियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने पूरी प्लानिंग के साथ दबिश दी। भागने का रास्ता बंद करने के लिए एक ओर छह चक्का हाइवा और दूसरी ओर पिकअप वाहन खड़ा कर सड़क ब्लॉक कर दी गई। दोनों तरफ से घेराबंदी के बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद अंतरराज्यीय जुआरियों को पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि रायगुड़ा में मुर्गा लड़ाई की आड़ में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा था। यहां तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से भी लोग दांव लगाने पहुंच रहे थे। जुए में लाखों रुपए का लेनदेन होने की सूचना पुलिस को मुखबिर से मिली थी। इसके बाद पुलिस ने टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई।
दोनों तरफ से रास्ता बंद कर की घेराबंदी
पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद भागने के संभावित रास्तों को बंद करने की रणनीति अपनाई। एक तरफ छह चक्का हाइवा खड़ा किया गया, जबकि दूसरी तरफ पिकअप वाहन लगाकर रास्ता रोक दिया गया। इस तरह दोनों ओर से घेराबंदी कर पुलिस ने मौके पर दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों को निकलने का मौका नहीं मिला।

20 से 25 लाख रुपए कैश मिलने की जानकारी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में नकदी, मोबाइल और कारें जब्त की हैं। सूत्रों के अनुसार, बरामद नकदी करीब 20 से 25 लाख रुपए बताई जा रही है। हालांकि, जब्त रकम का अंतिम आंकड़ा, मोबाइल और वाहनों की संख्या तथा पकड़े गए लोगों की कुल संख्या को लेकर पुलिस का विस्तृत आधिकारिक विवरण सामने आना बाकी है।
एसपी बोले- मुखबिर की सूचना पर बनाई थी टीम
एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान कैश बरामद हुआ है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
