दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा – लक्ष्य फाउंडेशन बेमेतरा द्वारा भारतीय सेना के 78वें स्थापना दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अग्निवीर की तैयारी कर रहे कैडेटों को भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और वीरगति प्राप्त सैनिकों की गौरवगाथाएं सुनाई गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और सेना के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में बताया गया कि भारतीय सेना दिवस प्रत्येक वर्ष 15 जनवरी को मनाया जाता है। यह दिन देश के वीर जवानों की बहादुरी, साहस, समर्पण और बलिदान को सम्मान देने के लिए समर्पित है। इसी दिन वर्ष 1949 में जनरल (बाद में फील्ड मार्शल) के.एम. करिअप्पा ने अंतिम ब्रिटिश कमांडर-इन-चीफ जनरल एफ.आर.आर. बुचर से भारतीय सेना की कमान संभाली थी और वे आज़ाद भारत के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ बने थे।
लक्ष्य फाउंडेशन के संस्थापक एवं मुख्य प्रशिक्षक पवन कुमार ने बताया कि वर्ष 2018 में स्थापना के बाद से ही संस्था प्रत्येक बैच के साथ भारतीय सेना दिवस को उत्साहपूर्वक मनाती आ रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने आज़ादी के शुरुआती वर्षों से लेकर आज तक देश की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई है और हम सभी को अपने सैनिकों पर गर्व करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कैडेटों ने देशसेवा का संकल्प लिया और भारतीय सेना के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।
