प्राध्यापकों ने नवप्रवेशित बीएड विद्यार्थियों को दी प्रेरणादायी सीख,द्वितीय वर्ष के छात्रों ने किया प्रथम वर्ष का आत्मीय स्वागत
दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा – सर्वतोमुखी समाधान शिक्षा संस्कार समिति द्वारा संचालित समाधान महाविद्यालय में बीएड सत्र 2024-26 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती वंदना से किया गया। बीएड द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने प्रथम वर्ष के साथियों एवं सहायक प्राध्यापकों का तिलक, पुष्पगुच्छ और आत्मीय आदर के साथ स्वागत किया।
महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी उमेश सिंह राजपूत ने नवागंतुक विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इंडक्शन प्रोग्राम की यह परंपरा संस्थान की पहचान है, जो विद्यार्थियों को कॉलेज की कार्यप्रणाली, अनुशासन और शैक्षणिक संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति गंभीरता, प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाविद्यालय के गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण से यह सभी विद्यार्थी भविष्य में आदर्श, उत्तरदायी और कुशल शिक्षक बनेंगे।

बीएड विभागाध्यक्ष श्रीमती निधि तिवारी ने कहा कि दो वर्षीय बीएड प्रशिक्षण छात्रों को विद्यालयीन जिम्मेदारियों, शिक्षण कौशल और शिक्षक की भूमिका से पूरी तरह परिचित कराता है। उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षक की भूमिका अत्यंत सम्माननीय होती है, इसलिए प्रशिक्षण के प्रत्येक चरण में जिम्मेदारी और निष्ठा आवश्यक है।
वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक डॉ. जी. डी. मानिकपुरी ने इस आयोजन को स्वागत मात्र नहीं, बल्कि परंपरा का संवहन बताया। उन्होंने कहा कि जैसे परिवार में बड़े-बुजुर्ग संपूर्ण संस्कार अगली पीढ़ी को सौंपते हैं, वैसे ही यह कार्यक्रम महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपरा से विद्यार्थियों को परिचित कराने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
सहायक प्राध्यापक योगेश्वर सिन्हा ने अपने उद्बोधन में आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामूहिकता, अनुशासन और संगठनात्मक दक्षता का विकास करते हैं। सफल आयोजन के लिए समन्वय और सुव्यवस्थित योजना की महत्ता को भी उन्होंने रेखांकित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन बीएड छात्राध्यापिकाएं तारा वर्मा, बबीता सिन्हा, तथा छात्राध्यापक संदीप कोसले, पिंटू लहरे, गिरीश आडिल और अनीता साहू द्वारा किया गया। समारोह में महाविद्यालय के आईटीआई अधीक्षक आकाश हिरवानी, सहायक प्राध्यापक योगेश्वर सिन्हा, रूपेंद्र डहरिया, नंदनी वर्मा, राजेश गजपाल, संगीता अग्रवाल, प्रीति शर्मा, विनीता अग्रवाल, राजेंद्र वर्मा, राजेश यादव, अंशु दत्ता, शुभम गजभिये, गायत्री राजपूत, हरीश कुमार पटेल, नूतन मिश्रा, श्रीयता तिवारी, होरीलाल देवांगन, अमित कुमार पटेल, शिवराज साहू एवं जोगेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
