Oplus_131072
तिलक लगाकर, माला पहनाकर किया छात्र-छात्राओं का स्वागत
बीजापुर। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को लेकर ईटपाल संकुल अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर, फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। स्कूल पहुंचे छात्र-छात्राओं के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ नजर आ रहा था।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी नागेश्वर निषाद, बीआरसी राजेश मिश्रा, एपीसी विजेंद्र भदोरिया, संकुल समन्वयक कौशल चेन्नूर, प्रभारी प्राचार्य नीलिमा गायकवाड़ सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। उपसरपंच सोनसाय बाकड़े और सरपंच अनिता ककेम ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों को शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान बच्चों ने केक काटकर नए सत्र का स्वागत किया। उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों के साथ अन्य शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई। शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से स्कूल आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करने की प्रेरणा दी।
खंड शिक्षा अधिकारी नागेश्वर निषाद ने कहा कि शिक्षा बच्चों के भविष्य को संवारने का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया।

