वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर केन्द्रीय विद्यालय में आयोजन, बाइक रैली निकालकर पहुंचे 196 बटालियन के जवान
बीजापुर। वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर बुधवार को केन्द्रीय विद्यालय बीजापुर में देशभक्ति का अलग ही रंग देखने को मिला। लहराते तिरंगों के बीच सीआरपीएफ जवानों और विद्यार्थियों ने एक साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद विद्यालय परिसर ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गूंज उठा। विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह साफ नजर आया।
196 बटालियन सीआरपीएफ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम 196 बटालियन के कमाण्डेन्ट कुमार मनीष के मार्गदर्शन में हुआ। अध्यक्षता द्वितीय कमान अधिकारी गोपाल सिंह बुनकर ने की।

बाइक रैली से विद्यालय पहुंचे जवान
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 196 बटालियन के अधिकारी और जवान महादेव घाटी कैम्प स्थित बटालियन मुख्यालय से बाइक रैली के रूप में रवाना हुए। एनएच-63 मार्ग से होते हुए रैली केन्द्रीय विद्यालय बीजापुर पहुंची। रास्ते में जवानों ने ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ देशभक्ति का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया हिस्सा
केन्द्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सीआरपीएफ जवानों के साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। विद्यार्थियों की सहभागिता कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। राष्ट्रगीत के स्वर और तिरंगों की मौजूदगी ने विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।

अधिकारी-जवान और शिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी गोपाल सिंह बुनकर, उप कमाण्डेन्ट कुणाल किशोर और गुलशन तिर्की, सहायक कमाण्डेन्ट लोकेश यादव, चिकित्साधिकारी डॉ. शुभम नितिन पवार, निरीक्षक प्रवीण कुमार सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी और जवानों ने भाग लिया। केन्द्रीय विद्यालय के प्राचार्य दशरथ सहित शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।

नई पीढ़ी तक पहुंचाया राष्ट्रीय भावना का संदेश
196 बटालियन सीआरपीएफ ने आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और देशभक्ति के मूल्यों को साझा किया। साथ ही वंदे मातरम् के गौरवशाली इतिहास और उससे जुड़ी राष्ट्रीय भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया।
