भैरमगढ़/बीजापुर/दैनिक मूक पत्रिका – भैरमगढ़ विकासखंड के नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय (पोटाकेबिन) भटवाड़ा में पढ़ने वाले 8 वर्षीय छात्र सोमारू पोयाम पिता राजू पोयाम ,कक्षा दूसरी की मलेरिया से मौत की जानकारी मिली है। बच्चे को 23 नवंबर को तेज बुखार आने पर विद्यालय प्रबंधन ने भैरमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।

अधीक्षक आदित्य ठाकुर ने बताया कि बच्चे का उपचार किया गया और इसी दौरान विद्यालय प्रबंधन ने परिजनों को सूचना दी।जानकारी मिलते ही पिता राजू पोयाम अस्पताल पहुंचे। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में अधीक्षक ने उन्हें बताया कि बच्चे का इलाज चल रहा है और उसे अब घर ले जाया जा सकता है। इसके बाद परिजन उसे अपने गांव लालागुड़ा, बस्तानार जिला बस्तर ले गए। छात्र के मामा तुलसीराम मांड़वी ने बताया कि रविवार को पोटा केबिन स्कूल से फोन आया था कि सोमारू की तबीयत काफी खराब है। उसी सूचना के आधार पर परिवार अस्पताल पहुंचा था। परिवार ने 25 नवंबर को बच्चे की मौत की जानकारी विद्यालय और प्रशासन को दी। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।
