जिले के सभी थानों में जवानों ने शांति-सुरक्षा का लिया संकल्प
बीजापुर। विजयादशमी पर जिले में पुलिस जवानों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शस्त्र पूजा की। पुलिस लाइन और जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) में मंगलवार को हुए आयोजन में पुलिस जवानों के साथ पुनर्वासित माओवादियों ने भी भाग लिया। उनकी सहभागिता को हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और शांति की ओर बढ़ने के संदेश के रूप में देखा गया।

एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान जिले में शांति, सुरक्षा, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई। जवानों ने अपने शस्त्रों की पूजा कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।

सभी थानों में हुआ आयोजन
विजयादशमी पर शस्त्र पूजा की परंपरा के तहत डीआरजी सहित जिले की विभिन्न पुलिस इकाइयों और सभी थानों में आयोजन किए गए। जवानों ने पूजा-अर्चना कर जिले में अमन-चैन और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।

आयोजन में पुनर्वासित माओवादियों की मौजूदगी ने सामाजिक पुनर्वास और शांतिपूर्ण जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।
