चित्रकला, रंगोली व भाषण प्रतियोगिता में दिखाया हुनर, विजेताओं को मिला पुरस्कार
बीजापुर। बीते शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम का आयोजन मिनी स्टेडियम बीजापुर में किया गया। पूर्व मंत्री महेश गागड़ा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में चित्रकला, रंगोली और भाषण प्रतियोगिताएं हुईं। इनमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने सामाजिक एवं राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को रंगों और आकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। भाषण प्रतियोगिता में देश, समाज और राष्ट्र सेवा से संबंधित विषयों पर प्रतिभागियों ने अपने विचार रखे।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सहायक हैं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में शासकीय वेंकटराव स्नातकोत्तर महाविद्यालय बीजापुर और शासकीय मॉडल आवासीय कन्या महाविद्यालय बीजापुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों विजेता टीमों को 5001-5001 रुपए नकद पुरस्कार दिया गया।
भाषण प्रतियोगिता में शासकीय वेंकटराव स्नातकोत्तर महाविद्यालय बीजापुर की छात्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उसे भी 5001 रुपए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीनिवास मुदलियार, भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, जिला उपाध्यक्ष दयाशंकर पटेल व सत्येंद्र ठाकुर, जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा, नगर पालिका उपाध्यक्ष भुवन सिंह चौहान, जिला कोषाध्यक्ष सोनाल गुप्ता, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उर्मिला तोकल और मंडल अध्यक्ष अशोक राव सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे एवं आमजन मौजूद रहे।
