जनप्रतिनिधियों ने जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बीजापुर | शहर में बढ़ते ट्रैफिक के बीच करीब 10 साल से प्रस्तावित बायपास सड़क का निर्माण अब तक शुरू नहीं हो सका है। बायपास नहीं बनने से दूसरे राज्यों से आने वाले भारी वाहन शहर की सघन बस्ती से होकर गुजर रहे हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है। खासकर स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है।
इसी समस्या को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसमें बायपास सड़क का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए बायपास का निर्माण अब जरूरी हो गया है।
उन्होंने बताया कि भारी वाहनों की शहर के भीतर आवाजाही से आम लोगों को परेशानी होती है। साथ ही व्यस्त मार्गों पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर से मामले में पहल कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी, पूर्व सांसद प्रतिनिधि श्रीनिवास रेड्डी, मीडिया प्रभारी प्रताप यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
