बीजापुर। महादेव घाटी स्थित 196 बटालियन मुख्यालय में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। स्थानीय स्कूल-कॉलेज की छात्राएं बटालियन पहुंचीं और अधिकारियों के साथ सभी जवानों की कलाई पर राखी बांधी। छात्राओं ने जवानों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुरक्षित रहने की कामना की। जवानों ने भी बहनों को रक्षा का वचन देते हुए उपहार भेंट किए। रक्षाबंधन के इस आयोजन में जवानों और छात्राओं के बीच अपनत्व का भाव नजर आया। सुरक्षा ड्यूटी में तैनात जवानों के लिए स्थानीय बहनों का यह स्नेह खास रहा। राखी बांधने के दौरान परिसर में भाई-बहन के रिश्ते जैसी आत्मीयता दिखाई दी।
स्नेह से बढ़ा सेवा का हौसला
कमांडेंट कुमार मनीष ने छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम के साथ विश्वास, समर्पण और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। स्थानीय बहनों द्वारा जवानों को राखी बांधना सुरक्षा बल और आम जनता के बीच बने भावनात्मक संबंधों को दर्शाता है। उन्होंने छात्राओं का आभार जताते हुए कहा कि समाज से मिलने वाला स्नेह जवानों को राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए और अधिक प्रेरित करता है।
शांति और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध
बटालियन की ओर से कहा गया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए जवान तत्पर रहेंगे। स्थानीय जनता के साथ आपसी विश्वास, सहयोग और सौहार्द को मजबूत करने के प्रयास जारी रखे जाएंगे।
