रायपुर – राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट की कार्रवाई लगातार जारी है। वेस्ट जोन पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 14.555 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस के मुताबिक, इन तीनों कार्रवाइयों में गांजा तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 9 लाख 56 हजार 500 रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुड़िया (IPS) के निर्देशन, एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा एसीपी आजाद चौक ईशू अग्रवाल (IPS) और एसीपी नवनीत पाटिल के पर्यवेक्षण में सरस्वती नगर, कबीर नगर और टिकरापारा पुलिस ने की।

पान मसाला की पैकिंग में छिपाकर रखा था 9.440 किलो गांजा
पहली बड़ी कार्रवाई सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कोटा स्थित वाटिका नगर खाली मैदान के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि ई-रिक्शा में सवार दो व्यक्ति गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान ‘मधुबन पान मसाला सजल’ लिखी पैकिंग के अंदर टेप से लिपटा 9.440 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ ई-रिक्शा भी जब्त किया। इस मामले में ईशु दास क्षत्रिय और संजु महानंद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। जब्त सामान की कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई गई है।
कबीर नगर में 2.615 किलो गांजा बरामद
दूसरी कार्रवाई कबीर नगर थाना क्षेत्र के फेस-04 में की गई। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर घेराबंदी कर एक युवक और विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। तलाशी में अलग-अलग पैकेटों में रखा 2.615 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजे के साथ POCO और VIVO के दो मोबाइल फोन तथा TVS Raider मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में गुरमीत मार्कण्डेय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
भाठागांव बस स्टैंड पर ग्राहक का इंतजार कर रहा था तस्कर
तीसरी कार्रवाई टिकरापारा थाना क्षेत्र के भाठागांव बस स्टैंड पर हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि गेट नंबर-1 के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान पीले रंग के थैले में खाकी रंग के टेप से लिपटे पैकेट से 2.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शैफ अली उर्फ बाबू जी.एस.टी. के रूप में हुई है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती जारी
लगातार हुई इन कार्रवाइयों के बाद रायपुर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि नशे के कारोबार, उसकी सप्लाई और इसमें सहयोग करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े लोगों तक पहुंचना प्राथमिकता है।
पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि गांजा या अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित जानकारी तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात पुलिस ने कही है।
