Oplus_131072
बीजापुर । दक्षिण बस्तर पत्रकार संघ, जिला इकाई बीजापुर द्वारा एसडीएम जागेश्वर कौशल को ज्ञापन सौंपकर पत्रकार रौनक शिवहरे एवं उनके परिवार के खिलाफ दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि 6 मार्च को दंतेवाड़ा जिले के गीदम क्षेत्र में निवासरत पत्रकार रौनक शिवहरे के घर के सामने एक ट्रैक्टर चालक द्वारा उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी गई।
साथ ही उनके पिता और दो वर्षीय बच्ची को भी ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास किया गया, जिसमें वे बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद पत्रकार द्वारा गीदम थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन आरोप है कि थाना प्रभारी ने शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। उल्टा ट्रैक्टर चालक और उसके साथियों के दबाव में आकर पत्रकार एवं उनके माता-पिता के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया।
पत्रकार संघ का कहना है कि बिना समुचित जांच के पत्रकार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जो न्यायोचित नहीं है।
उपलब्ध तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया अनुचित प्रतीत होते हैं।
इस कार्रवाई से पत्रकार समुदाय में गहरा आक्रोश व्याप्त है और न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष न्यायिक जांच कर दोषी अधिकारियों एवं व्यक्तियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन सौंपते समय पत्रकार संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
