अंतरराज्यीय समन्वय पर हुई चर्चा, जवानों से संवाद कर बढ़ाया हौसला
बीजापुर। बीते सोमवार को बीजापुर-तेलंगाना सीमा से लगे इलाके ताड़पाला में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों की अहम बैठक और निरीक्षण हुआ। तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक सी.वी. आनंद, आईपीएस ने ताड़पाला स्थित एफओबी का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों और नक्सल विरोधी अभियानों की जानकारी ली। उन्होंने सीमा क्षेत्र में नक्सलवाद के प्रभाव को खत्म करने के लिए दोनों राज्यों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय को जरूरी बताया।
डीजीपी के साथ सीआरपीएफ साउथ जोन के एडीजी रवदीप सिंह साही, तेलंगाना पुलिस एवं सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुलुगु कलेक्टर भोर्काड़े हेमंत सहदेवराव, एसपी सुधीर रामनाथ केकर और डीएफओ विकास मीणा भी दौरे में शामिल हुए।

कमांडेंट ने दी एफओबी की जानकारी
ताड़पाला एफओबी पहुंचने पर 196वीं वाहिनी के कमांडेंट कुमार मनीष ने डीजीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने एफओबी की स्थापना, निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही सुरक्षा बलों की गतिविधियों और नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति से भी अधिकारियों को अवगत कराया।
दौरे के दौरान डीजीपी सी.वी. आनंद ने बीजापुर-तेलंगाना सीमा क्षेत्र में ध्वजारोहण किया। इसके बाद एफओबी परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जवानों से किया संवाद
कैंप परिसर का निरीक्षण करने के बाद डीजीपी ने तैनात अधिकारियों और जवानों से संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की प्रशंसा करते हुए शहीद जवानों के बलिदान को नमन किया।
उन्होंने कहा कि बीजापुर और तेलंगाना सीमा से लगे क्षेत्रों में नक्सलवाद के प्रभाव को समाप्त करने तथा स्थायी शांति और विकास स्थापित करने के लिए दोनों राज्यों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय एवं आपसी सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।

सुरक्षा रणनीति पर भी मंथन
दौरे के दौरान सीआरपीएफ साउथ जोन के एडीजी रवदीप सिंह साही सहित तेलंगाना पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति, अंतरराज्यीय समन्वय और नक्सल विरोधी अभियानों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

196वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी दिनेश, सहायक कमांडेंट विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे। दौरे के अंत में कमांडेंट कुमार मनीष ने डीजीपी सी.वी. आनंद को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
