
केशकाल। बेलभाटा बाजारपारा अड़ेंगा में आज अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर श्रद्धा, आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। सर्वसमाज के बंधुओं द्वारा “अक्षय पितृ तर्पण महायज्ञ” का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपने पितरों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की और उनके अक्षय सुख एवं शांति की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने “ऊं पितृदेवेभ्यो नम:” का जाप करते हुए पितरों का तर्पण किया। इस दौरान पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का भाव स्पष्ट रूप से महसूस किया गया। आयोजन का उद्देश्य न केवल पितरों का स्मरण करना था, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना भी रहा।
इस महायज्ञ में समाज के कई सक्रिय कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें तारकेश्वर बघेल, रिहंद बघेल, हृदय नाग, उपासु सुराजिया, नीलकमल, गजेंद्र, विजय यादव, प्रसाद यादव, पिंटू नाग, रोशन, लखन सुरोजिया, अखिलेश, गणेश और जीवन बघेल प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि अक्षय तृतीया का दिन अत्यंत शुभ और पुण्यकारी माना जाता है। इस दिन किए गए दान, जप, तप और तर्पण का फल अक्षय होता है। ऐसे में पितृ तर्पण महायज्ञ का आयोजन विशेष महत्व रखता है।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक प्रार्थना की गई, जिसमें समाज की सुख-समृद्धि और पितरों के आशीर्वाद की कामना की गई। यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।
