बेमेतरा – बेरला में माननीय श्रीमती सरोज नंद दास, प्रधान जिला न्यायाधीश महोदय / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा के मार्गदर्शन में व श्रीमती स्वर्णलता ओम यादव, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा के दिशानिर्देश पर माननीय नालसा द्वारा संचालित मानसिक रूप से बीमार और बौद्धिक दिव्यांगता वाले
व्यक्तियों के लिए विधिक सेवाएं, योजना 2024 के अंतर्गत बेमेतरा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मानवता व सामाजिक दायित्व का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। ग्राम करामाल निवासी मानसिक रोगी के परिजन के द्वारा थाना बेरला में उपचार हेतु मानसिक स्वास्थ्य उपचार केन्द्र सेन्द्री, बिलासपुर ले जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था। उक्त के परिपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अंतर्गत थाना नियुक्त श्री पवन कुमार साहू द्वारा विधिक सहायता प्रदान कर श्रीमान सचिव महोदय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को तत्काल सूचना दी गई। मानसिक रोगी को चिकित्सकीय परीक्षण हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बेरला के डॉक्टर द्वारा मानसिक रोगी के मानसिक व शारीरिक स्थिति की जांच उपरांत उचित उपचार हेतु मानसिक स्वास्थ्य उपचार केन्द्र सेन्द्री, बिलासपुर ले जाने की मेडिकल रिपोर्ट प्रदान की गई। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर श्रीमान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा के आदेशानुसार अधिकार मित्र के माध्यम से माननीय मुख्य न्यायिक मजि. न्यायालय बेमेतरा के समक्ष पेश किया गया। तत्संबंध में तत्काल कार्यवाही करते हुए माननीय मुख्य न्यायिक मजि. न्यायालय बेमेतरा के द्वारा मानसिक रोगी व्यक्ति को उचित स्वास्थ्य उपचार हेतु रैफरल आर्डर प्रदान कर थाना प्रभारी बेरला को आरक्षक के जरिये निर्देशित कर मानसिक चिकित्सालय सेंदरी बिलासपुर में सुरक्षित मे भर्ती कराया गया।
