रायपुर – राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर बीते बुधवार को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, रायपुर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस जनहितकारी आयोजन में कबीब के., भा.पु.से., महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़ सेक्टर, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के प्रभावी मार्गदर्शन एवं निर्देशन में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारियों एवं जवानों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय के लिए डॉ. विनोद कुमार टंडन, द्वितीय कमान अधिकारी एवं कमाण्डेंट इनचार्ज, 211वीं बटालियन, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान जनमानस को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के विभिन्न कार्यालयों एवं बटालियनों से आए अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान करते हुए कुल 111 यूनिट रक्तदान किया। इस अवसर पर 211वीं बटालियन द्वारा आयोजन स्थल पर हेल्पडेस्क/बूथ स्थापित कर आगंतुकों एवं रक्तदाताओं के लिए आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित किया गया। कार्यक्रम में 211वीं बटालियन के अनिल कुमार राय, सहायक कमाण्डेंट, डॉ. देवीनेनी तपस्विनी, चिकित्साधिकारी तथा अन्य अधिकारी एवं जवान भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल समापन के अवसर पर डॉ. विनोद कुमार टंडन, द्वितीय कमान अधिकारी एवं कमाण्डेंट इनचार्ज, 211वीं बटालियन ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के सहयोग से आयोजित इस रक्तदान शिविर का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंदों को जीवनदायी रक्त उपलब्ध कराने में योगदान देना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को देशहित एवं जनहित में समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देशसेवा केवल सीमा पर जाकर अथवा वर्दी धारण कर ही नहीं की जाती, बल्कि रक्तदान के माध्यम से भी जरूरतमंद नागरिकों को जीवन प्रदान कर देशसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने आमजन से रक्तदान के लिए आगे आने तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशाल रक्तदान शिविर ने जनमानस में सामाजिक दायित्व, मानव सेवा एवं देशसेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नागरिक प्रशासन, चिकित्सकीय दल, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारियों एवं जवानों तथा उपस्थित नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। आयोजन के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने जरूरतमंदों की सेवा, मानव कल्याण एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सदैव सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
