Oplus_131072
गांव-गांव जनसंवाद, समस्याएं सुनीं, मौके पर समाधान की पहल
बीजापुर। भोपालपट्टनम क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली अब सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं रही। सोशल पुलिसिंग के जरिए पुलिस ग्रामीणों के बीच पहुंचकर संवाद और सहयोग का नया माहौल बना रही है। गांवों में बैठकों के जरिए लोगों की समस्याएं सीधे सुनी जा रही हैं और उनके समाधान की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी जीवन कुमार जांगड़े ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक घनश्याम कामड़े के मार्गदर्शन में बारेगुड़ा ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम पेटा गोगड़ा, रेड्डीपल्ली और सकनापल्ली में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान करीब 200 ग्रामीण मौजूद रहे।
बैठक में ग्रामीणों ने अपनी रोजमर्रा की समस्याएं खुलकर रखीं। पुलिस टीम ने उन्हें ध्यान से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। बारेगुड़ा में स्थापित मोबाइल टॉवर के बंद रहने का मुद्दा भी सामने आया। इस पर थाना प्रभारी ने संबंधित विभाग को मामला भेजकर जल्द समाधान कराने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान नक्सल उन्मूलन अभियान, टोनही प्रताड़ना, साइबर जागरूकता और बुनियादी सुविधाओं जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

ग्रामीणों ने इस पहल को सकारात्मक बताते हुए कहा कि अब वे अपनी बात सीधे पुलिस तक पहुंचा पा रहे हैं। सोशल पुलिसिंग के जरिए सुरक्षा के साथ-साथ विश्वास और सामाजिक समरसता को भी मजबूती मिल रही है। इलाके में इसे पुलिस और जनता के बीच बढ़ते सहयोग की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
