नयापारा स्थित 85वीं बटालियन मुख्यालय सहित दूरस्थ कैंपो में हुआ आयोजन
बीजापुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 85वीं बटालियन सीआरपीएफ, नयापारा में रविवार सुबह योग का विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने सामूहिक योगाभ्यास कर फिट रहने और तनावमुक्त जीवन जीने का संदेश दिया। खास बात यह रही कि बटालियन की दूरस्थ कैंपों में तैनात जवानों ने भी ग्रामीणों के साथ मिलकर योग किया और उन्हें इसके फायदे बताए। सुबह 6 बजे सर्वधर्म प्रार्थना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों ने सूर्य नमस्कार, प्राणायाम और विभिन्न योगासन करवाए। जवानों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया।

कमांडेंट सुनील कुमार राही ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक रूप से मजबूत बनने में भी मदद करता है। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे संवेदनशील इलाके में लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करने वाले जवानों के लिए योग काफी लाभदायक है। इससे एकाग्रता बढ़ती है और तनाव कम होता है।

कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार, उप कमांडेंट मोतीलाल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वाति जायसवाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और जवान मौजूद रहे। समापन के दौरान सभी को नियमित रूप से योग करने का संकल्प दिलाया गया।
इधर, पेद्दापारा, पुसनार, हिरोली, कांवड़गांव, मुडवेंटी और डुमरीपालनार स्थित कैंपों में भी जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ योगाभ्यास किया। जवानों ने ग्रामीणों को बताया कि रोज कुछ समय योग करने से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

गांव पहुंचा योग का संदेश
“85वीं बटालियन की दूरस्थ कंपनियों में योग दिवस केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा। जवानों ने ग्रामीणों के साथ बैठकर योग किया, उन्हें योग के फायदे समझाए और नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। कई गांवों में लोगों ने पहली बार सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लिया। “
