196वीं वाहिनी के पांच कैंपों में दीपावली का उत्सव, शांति और विश्वास का दिया संदेश
बीजापुर। नक्सल प्रभावित रहे बीजापुर जिले में कभी नक्सलियों का सुरक्षित ठिकाना और प्रभाव क्षेत्र माने जाने वाले ताड़पाला हिल्स में इस बार दीपावली का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। यहां स्थापित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कैंप में जवानों ने दीप प्रज्ज्वलित कर दीपावली मनाई। दीपों की रोशनी, खुशियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच आयोजित यह उत्सव क्षेत्र में बदलते सुरक्षा परिदृश्य और शांति एवं विश्वास के वातावरण का संदेश लेकर आया।
196वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की ओर से दीपावली का आयोजन वाहिनी के विभिन्न कैंपों एफओबी ताड़पाला हिल्स, ताड़पाला घाटी, पुजारी कांकेर, नम्बी तथा वाहिनी मुख्यालय महादेव घाटी, बीजापुर में किया गया। सभी कैंपों में अधिकारियों और जवानों ने दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता का संदेश दिया।

वाहिनी से मिली जानकारी अनुसार इस अवसर पर एफओबी ताड़पाला हिल्स का दीपावली समारोह विशेष रहा। पिछले वर्ष नवंबर में स्थापित यह कैंप कभी नक्सलियों का सुरक्षित ठिकाना एवं प्रभाव क्षेत्र माना जाता था। सुरक्षा बलों की निरंतर मौजूदगी, दृढ़ संकल्प और प्रयासों से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित हुआ है। इसी क्षेत्र में स्थानीय परिस्थितियों के बीच जवानों ने दीपावली मनाई। दीपों की रोशनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गूंज को नक्सलवाद के प्रभाव में आए बदलाव के प्रतीक के रूप में देखा गया।
इस अवसर पर वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारी श्री दिनेश, द्वितीय कमान अधिकारी (2-आईसी) ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली केवल प्रकाश का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य तथा भय पर विश्वास की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 196वीं वाहिनी राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ स्थानीय क्षेत्रों में शांति, सद्भाव और सकारात्मक वातावरण स्थापित करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
