दैनिक मूक पत्रिका रायपुर – कृषि महाविद्यालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के सेमिनार हॉल में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में “नशा मुक्त विकसित भारत अभियान” के अंतर्गत माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण एवं राष्ट्रीय शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, रायपुर, डॉ. आरती गुहे मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए जीवन में किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना, कृषि महाविद्यालय, रायपुर की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुभी निशाद भी उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नशे की लत से दूर रहने, अपने साथियों एवं समाज को भी नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने तथा “नशा मुक्त विकसित भारत अभियान” को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने माननीय प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संबोधन का लाइव प्रसारण देखा तथा नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु राष्ट्रीय शपथ ग्रहण कर समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना, कृषि महाविद्यालय, रायपुर द्वारा किया गया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने नशा मुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
