स्वतंत्रता दिवस पर 33 गांवों में पहली बार होगा राष्ट्रीय ध्वज का आरोहण, राष्ट्रप्रेम और लोकतांत्रिक चेतना का दिखेगा उत्सव
बीजापुर। आगामी स्वतंत्रता दिवस बीजापुर जिले के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर बनने जा रहा है। नक्सल प्रभाव से बाहर निकलकर विकास और लोकतंत्र की राह पर आगे बढ़ रहे जिले के 33 गांवों में 15 अगस्त को पहली बार राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाएगा। इन गांवों में तिरंगे का आरोहण केवल स्वतंत्रता दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था, राष्ट्रीय एकता और शांति की नई शुरुआत का प्रतीक होगा।
जिले के चारों विकासखंडों के इन गांवों में पहली बार तिरंगा फहराने से ग्रामीणों में उत्साह और गर्व का वातावरण है। लंबे समय तक नक्सल हिंसा और भय के प्रभाव में रहे इन क्षेत्रों में अब शासन की पहुंच, विकास कार्यों और लोकतांत्रिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस पर गांवों में राष्ट्रीय ध्वज का फहराया जाना नक्सल मुक्त और विकसित बीजापुर की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

बीजापुर विकासखंड के 06 गांवों में पहली बार तिरंगा
बीजापुर विकासखंड के लेण्ड्रा, अण्ड्री, एड्समेटा, पेद्दापाल, कचिलवार एवं मोसला गांवों में पहली बार स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इन गांवों में ग्रामीणों की सहभागिता के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे।
भैरमगढ़ के 15 गांवों में गूंजेगा राष्ट्रगान
भैरमगढ़ विकासखंड के 15 गांवों बीराभट्टी, परकेली, पोनड़वाया, तुमीरगुण्डा, जारवा, गुण्डापुरी, आदवाड़ा, दामाराम, मुक्कावेली, झिल्ली, मार्रामेटा, एहकेली, पल्लेवाया, डोडूम एवं कड़मेर में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा। इन गांवों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ राष्ट्रगान और देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
भोपालपटनम के 07 गांव और उसूर के 05 गांव भी होंगे शामिल
भोपालपटनम विकासखंड के सेण्ड्रा, पालसेगुण्डी, नीलमड़गू, बंदेपारा, कोरंजेड़, कचलारम एवं मरीमल्ला गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा। वहीं उसूर विकासखंड के कस्तूरपाड़, चिन्ना उटलापल्ली, पेद्दा उटलापल्ली, एड़ापल्ली एवं बोटेलंका गांव भी इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे।
तिरंगा बनेगा शांति, विकास और विश्वास का प्रतीक
इन गांवों में पहली बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाना शासन और ग्रामीणों के बीच बढ़ते विश्वास तथा क्षेत्र में स्थापित हो रही शांति का प्रतीक है। तिरंगे की छांव में ग्रामीण अब अपने बच्चों के बेहतर भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास की नई उम्मीदों के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
15 अगस्त को इन गांवों में जब तिरंगा शान से लहराएगा, तब यह दृश्य केवल स्वतंत्रता दिवस का उत्सव नहीं होगा, बल्कि बीजापुर में लोकतंत्र की मजबूत होती जड़ों, नक्सलवाद से मुक्ति और विकास की ओर बढ़ते कदमों का संदेश भी देगा।
राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ ग्रामीणों की भागीदारी इस बात को रेखांकित करेगी कि बीजापुर का दूरस्थ अंचल भी अब देश की लोकतांत्रिक मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ रहा है। स्वतंत्रता दिवस का यह ऐतिहासिक अवसर जिले के लिए नई उम्मीद, नए विश्वास और उज्ज्वल भविष्य का संदेश लेकर आएगा।



