बेमेतरा – जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश से नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। शिवनाथ नदी समेत कई नदी-नाले उफान पर हैं। जलस्तर बढ़ने के कारण जिले के कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर बेरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी है।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव सहित बेमेतरा एवं बेरला के पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में प्रभावित मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। पुलिस जवानों द्वारा लोगों और वाहन चालकों को जलभराव वाले रास्तों पर आगे नहीं बढ़ने तथा आवश्यक होने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की समझाइश दी जा रही है।

इन मार्गों पर विशेष सतर्कता
जलस्तर बढ़ने से बेमेतरा-दुर्ग मुख्य मार्ग के समोदा नाला, बेरला-रायपुर मार्ग स्थित पठारीडी के पास खारुन नदी, साजा-थानखम्हरिया मार्ग के नकटा नाला, रौद्रा-बगलेड़ी मार्ग के डोटू नाला, नवकेशा-देवकर-जालबांधा मार्ग, थानखम्हरिया-सिल्हाटी मार्ग, बोरतरा-परपोड़ी मार्ग तथा नवागढ़-भाठापारा मार्ग प्रभावित हुए हैं।
इसके अलावा जिले के अन्य नदी-नालों में भी जलस्तर बढ़ने की स्थिति बनी हुई है। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
पुल-पुलिया पार करने में जोखिम न उठाएं
बेमेतरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जलभराव वाले मार्गों, नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगाए गए बेरिकेड्स को हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास न करें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। बारिश के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है, इसलिए नागरिक अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित एवं वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
