ट्रैक्टर समेत सागौन चिरान जप्त , चालक फरार
दैनिक मूक पत्रिका बीजापुर – अवैध सागौन तस्करी पर शिकंजा कसते हुए भोपालपटनम वन अमले ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार शाम वन जांच नाका के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली से सागौन चिरान की बड़ी खेप जब्त की गई। जानकारी के मुताबिक 19 अक्टूबर की शाम लगभग 6 से 7 बजे के बीच वन विभाग की टीम नियमित जांच कर रही थी, तभी एक ट्रैक्टर ट्रॉली संदेहास्पद हालत में आती दिखी। ट्रॉली में ऊपर से रेत भरी थी और उस पर प्लास्टिक की झिल्ली डालकर लकड़ी तस्कर द्वारा छुपाई गई थी। शक होने पर जब वनकर्मियों ने झिल्ली हटाकर तलाशी ली तो रेत के नीचे से 76 नग सागौन चिरान बरामद हुई। विभाग के अनुसार, जब्त लकड़ी की मात्रा करीब 1.100 घन मीटर और कीमत 45 से 50 हजार रुपए के बीच आंकी गई है। जांच के दौरान ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला जिसकी तलाश की जा रही है। वहीं वन अमले ने ट्रैक्टर व लकड़ी दोनों को जब्त कर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बतादे कि त्योहार के दौरान लकड़ी तस्करी में बढ़ोतरी की आशंका के चलते वन विभाग ने विशेष निगरानी अभियान छेड़ा है। यह कार्रवाई वन मंडल अधिकारी के निर्देश, उप वन मंडल अधिकारी के मार्गदर्शन और वन परिक्षेत्र अधिकारी के नेतृत्व में की गई।
