मूक पत्रिका बीजापुर – बस्तर सांसद महेश कश्यप की अध्यक्षता में बुधवार को संयुक्त जिला कार्यालय भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। सांसद कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य सेवा, सुरक्षा और सुशासन के माध्यम से प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि बीजापुर जिले में शांति स्थापना के साथ साथ बुनियादी सुविधाओं सड़क, बिजली, पानी, आवास और स्वास्थ्य के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने की आवश्यकता है।
कलेक्टर संबित मिश्रा ने नियद नेल्लानार योजना सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति का प्रस्तुतीकरण दिया। सांसद ने स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर देते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों की नियमित उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, टीबी मरीजों की सतत निगरानी, आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण तथा सिकल सेल व एनीमिया जांच कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कृषि और आजीविका के क्षेत्र में सांसद ने परंपरागत खेती के साथ मक्का जैसी वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने पर बल दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन एवं विद्युत विभाग के कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद ने पीएमजीएसवाई के तहत सड़कों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने और जल जीवन मिशन के कार्यों को तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाने पर जोर दिया। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखीं, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जनपद पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, दिशा समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद महेश कश्यप ने विश्वास जताया कि 31 मार्च 2026 तक बस्तर अंचल से नक्सलवाद का पूरी तरह समापन होगा और यह क्षेत्र शांति, सुरक्षा एवं विकास की मिसाल बनेगा।
