बेमेतरा – बेरला ब्लॉक के ग्राम पंचायत गुधेली में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार मंडल कांग्रेस कमेटी गुधेली की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय तथा आमजन से निरंतर संवाद स्थापित करने सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। आशीष छाबड़ा ने कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया।
सरपंच कमल बघेल ने ग्रहण की कांग्रेस की सदस्यता
बैठक के दौरान ग्राम पंचायत खंगारपाट के सरपंच कमल बघेल ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका पार्टी परिवार में स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर आशीष छाबड़ा ने कहा कि कांग्रेस का संगठन गांव और बूथ स्तर पर मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की ताकत से मजबूत होता है। कमल बघेल के कांग्रेस से जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं को समझें और जनता के अधिकार एवं हित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की अपील की। बैठक में मंडल कांग्रेस के पदाधिकारी, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, बूथ अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
