रायगढ़= प्रदेश पंचायत सचिव संघ जिला रायगढ़ ने राजस्व विभाग के मूल कार्य गिरदावरी को पंचायत सचिवों से कराए जाने का विरोध किया है। संघ ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत रायगढ़ को ज्ञापन सौंपकर पंचायत सचिवों को गिरदावरी कार्य से मुक्त रखने की मांग की है।
ज्ञापन में क्या कहा –
प्रदेश पंचायत सचिव संघ के अध्यक्ष और सचिव ने पत्र में लिखा है कि संज्ञान में आया है कि राजस्व विभाग का मूल कार्य ‘गिरदावरी’ ग्राम पंचायत सचिवों को सौंपा जा रहा है।

संघ का कहना है कि ग्राम पंचायत सचिव अपने मूल विभाग के अंतर्गत विभिन्न कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त समय-समय पर शासन के अन्य विभिन्न कार्यों के संपादन का दायित्व भी वे सफलतापूर्वक निभाते आ रहे हैं।
लेकिन गिरदावरी में तकनीकी पेंच –
संघ ने स्पष्ट किया है कि ग्राम पंचायत सचिव राजस्व संबंधी कार्यों के लिए प्रशिक्षित नहीं हैं तथा उन्हें खसरा-पंजी आदि की पूर्ण व तकनीकी जानकारी नहीं होती है। इसलिए इस कार्य को ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से संपादित कराना व्यावहारिक कठिनाइयों से भरा हुआ है।
गिरदावरी जैसे शासन के महत्वपूर्ण कार्य को उसके मूल विभाग के अमला से कराया जाना उचित है।
अतः संघ ने करबद्ध निवेदन किया है कि ग्राम पंचायत सचिवों को गिरदावरी कार्य से मुक्त रखने की कृपा करें, जिससे ग्राम पंचायत सचिव अपने मूल विभागीय एवं अन्य प्रशासनिक कर्तव्यों एवं दायित्वों को सुचारू रूप से निभा सकें।
