राज्य अलंकरण से सम्मानित होंगी विभूतियां
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले राज्योत्सव 2026 में इस बार तीन दिन तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विकास प्रदर्शनी और सम्मान समारोह की धूम रहेगी। 1 से 3 नवंबर तक होने वाले आयोजन का शुभारंभ 1 नवंबर को केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे। वहीं, 3 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में समापन समारोह आयोजित होगा।
सेंध लेक में दिखेगा हेलिकॉप्टरों का करतब
राज्योत्सव के दूसरे दिन 2 नवंबर को सारंग हेलिकॉप्टर टीम एयर शो प्रस्तुत करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में टीम के कैप्टन से मुलाकात कर कार्यक्रम के संबंध में चर्चा की है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से नवा रायपुर के सेंध लेक पहुंचकर इस प्रदर्शन का आनंद लेने की अपील की है।
समापन समारोह में राज्य अलंकरण पुरस्कार
3 नवंबर को होने वाले समापन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चयनित व्यक्तियों को राज्य अलंकरण पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके जरिए समाज, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
सभी जिलों में भी होंगे कार्यक्रम
राज्योत्सव के दौरान प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही 2 नवंबर को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में राज्य स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस तरह मुख्य आयोजन के साथ जिला स्तर पर भी स्थापना दिवस मनाने की तैयारी है।
