भाजपा की प्रेस वार्ता में गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां, कहा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में बढ़ रहा देश
मूक पत्रिका बेमेतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त संजय श्रीवास्तव ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से पत्रकारों के समक्ष रखा।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं तथा देश आज विश्व पटल पर एक सशक्त और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभरकर सामने आया है। संजय श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सभी नीतियों का केंद्र बिंदु गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उत्थान रहा है। सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी जैसे चुनौतीपूर्ण दौर में भी केंद्र सरकार ने गरीबों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया, जिससे किसी भी गरीब परिवार को भूखा नहीं रहना पड़ा। यह दुनिया की सबसे बड़ी खाद्य सुरक्षा योजनाओं में से एक है। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराकर उन्हें धुएं से मुक्ति दिलाई गई और उनके स्वास्थ्य व जीवन स्तर में सुधार लाया गया। श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीबों के पक्के घर का सपना साकार किया है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लाखों परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है, जिससे करोड़ों लोगों को आर्थिक राहत मिली है।
=किसानों के खातों में पहुंच रही सीधी सहायता
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए वरदान साबित हुई है। इसके तहत किसानों के बैंक खातों में प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता सीधे हस्तांतरित की जा रही है। इससे किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में मदद मिली है और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में सड़क,रेल, हवाई अड्डों, बंदरगाहों और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने शासन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत किया है। जनधन, आधार और मोबाइल तकनीक के समन्वय से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था को प्रभावी बनाया गया है। इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है और योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंच रहा है ।
विश्व मंच पर बढ़ा भारत का सम्मान
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुखी बनी है। जी-20 जैसे वैश्विक आयोजनों में भारत ने अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की भूमिका पहले से कहीं अधिक मजबूत और प्रभावशाली हुई है । छत्तीसगढ़ के संदर्भ में संजय श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदेश के लाखों नागरिकों तक पहुंच रहा है। खाद्य सुरक्षा, किसानों के कल्याण, गरीबों के उत्थान और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्र में अनेक योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से प्रदेश के विकास को नई गति मिली है।
पत्रकारों द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों के जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि समाज और शासन के बीच संवाद स्थापित करने में मीडिया की बड़ी जिम्मेदारी है। सकारात्मक जनजागरूकता और विकास की जानकारी लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका सराहनीय रही है।
=प्रमुख रूप से रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष अजय साहू, छत्तीसगढ़ रजक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रह्लाद रजक, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, भाजपा मीडिया प्रभारी दीपक मोटवानी, केशव साहू, नीलू प्रवीण राजपूत सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
