
महादेव घाटी से फॉरवर्ड कैंप तक योग की गूंज, सीआरपीएफ जवानों ने किया सामूहिक अभ्यास
बीजापुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 196वीं बटालियन सीआरपीएफ ने महादेव घाटी स्थित मुख्यालय सहित विभिन्न परिचालन क्षेत्रों में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया। सुबह आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों और जवानों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

मुख्यालय महादेव घाटी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अगुवाई कमांडेंट कुमार मनीष ने की। वहीं उसूर, नाम्बी, पुजारीकांकेर, ताड़पाला घाटी और ताड़पाला स्थित कैंपों में भी जवानों ने उत्साह के साथ योग किया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि योग केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मदद करता है। कठिन परिस्थितियों में लगातार ड्यूटी करने वाले जवानों के लिए योग तनाव कम करने और ऊर्जा बनाए रखने का प्रभावी साधन है।

सुबह के शांत वातावरण में हुए इस आयोजन में जवानों ने पूरे अनुशासन के साथ भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नियमित योग करने और इसके महत्व को समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बटालियन के अधिकारियों का कहना था कि योग को जीवन का हिस्सा बनाकर कई शारीरिक और मानसिक समस्याओं से बचा जा सकता है। यही कारण है कि सीआरपीएफ में भी जवानों को नियमित रूप से फिटनेस और योग के लिए प्रेरित किया जाता है।
