नई दिल्ली – भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति का ऐलान किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की हैं। नियुक्तियों के तहत पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है।

नई जिम्मेदारियों में कई प्रमुख नेताओं को अहम राज्यों की कमान सौंपी गई है। विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं और पार्टी पहले से ही संगठनात्मक तैयारियों में जुटी है।

वहीं बैजयंत जय पांडा को महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावड़े और कमलजीत सहरावत को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा राम माधव को उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है।
कई राज्यों में बदली संगठन की जिम्मेदारी
भाजपा ने तरुण चुघ को गुजरात का प्रभारी बनाया है, जबकि सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अनिल एंटनी को गोवा और नगालैंड का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं हरीश द्विवेदी को बिहार के साथ कर्नाटक का दायित्व दिया गया है।
पार्टी ने सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया है। राजस्थान में संजय भाटिया को प्रभारी बनाया गया है, जबकि कविता पाटीदार और कुलजीत चहल सह-प्रभारी होंगे।
छत्तीसगढ़ में स्मृति ईरानी की अहम भूमिका
स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाए जाने के बाद अब प्रदेश भाजपा संगठन के साथ उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी। नई नियुक्तियां भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में व्यापक बदलाव का हिस्सा हैं, जिसके तहत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी-सहप्रभारियों की नई टीम तय की गई है।
