छत्तीसगढ़ – जशपुर पुलिस ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह के परिवार को मुश्किल वक्त में सहारा दिया है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने विभागीय कार्यवाही को प्राथमिकता देते हुए दिवंगत आरक्षक के पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की।
खास बात यह रही कि तेरहवीं के दिन पुलिस कप्तान स्वयं दिवंगत आरक्षक के गृह ग्राम पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा जशपुर पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है। इसके बाद उन्होंने बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद पर अनुकम्पा नियुक्ति का नियुक्ति पत्र सौंपा।
इलाज के दौरान हुआ था निधन
एसडीओपी कार्यालय जशपुर में पदस्थ आरक्षक देव नारायण सिंह की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें उपचार के लिए बालाजी हॉस्पिटल रायपुर में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 11 सितंबर 2026 को उनका निधन हो गया।

स्वर्गीय देव नारायण सिंह वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्त हुए थे। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर, थाना सन्ना, सिटी कोतवाली जशपुर, एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी और एसडीओपी कार्यालय जशपुर में सेवाएं दीं।
परिवार के भविष्य को लेकर दिखाई संवेदनशीलता
आरक्षक के निधन की जानकारी मिलते ही डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने उनके परिवार की स्थिति और भविष्य को ध्यान में रखते हुए अनुकम्पा नियुक्ति की विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ तेजी से पूरा कराया।
23 सितंबर को तेरहवीं के अवसर पर वे स्वयं परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने दिवंगत आरक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
इस दौरान एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देने वाला प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जशपुर पुलिस परिवार का अभिन्न अंग है। किसी कर्मचारी के असमय निधन से परिवार पर आने वाली कठिनाइयों को समझते हुए पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आवश्यकता या समस्या होने पर यथासंभव सहयोग और सहायता प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, डीएसपी कुंज राम चौहान, डीएसपी आजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभम कुमार तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी लोदाम कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
