बीजापुर। गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छ भारत सेवा अभियान के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 196वीं वाहिनी द्वारा शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कमांडेंट कुमार मनीष की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी दिनेश, उप कमांडेंट गुलशन तिर्की, सहायक कमांडेंट तरुण कुमार मीणा एवं लोकेश यादव, चिकित्साधिकारी डॉ. शुभम नितिन पवार सहित अधीनस्थ अधिकारी और जवान शामिल हुए। “एक पेड़ मां के नाम, एक पेड़ देश के नाम” अभियान के तहत वाहिनी परिसर में पौधरोपण किया गया। इस दौरान जवानों ने पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कैंप की स्वच्छता में योगदान देने वाले सफाई मित्रों को कमांडेंट कुमार मनीष ने प्रशस्ति-पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया। इसके बाद अधिकारियों एवं जवानों ने बीजापुर स्थित महादेव मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया और परिसर की साफ-सफाई की।
196वीं वाहिनी मुख्यालय के अलावा विभिन्न कंपनियों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। ए/196 नाम्बी में सहायक कमांडेंट हरीश कुमार, ई/196 पुजारीकांकेर में उप कमांडेंट कुणाल किशोर, बी/196 ताड़पाला घाटी में निरीक्षक विनोद कुमार सिंह तथा एफ/196 ताड़पाला में सहायक कमांडेंट विनोद कुमार के नेतृत्व में कार्यक्रम हुए।

डी/196 हीरानगर, जम्मू-कश्मीर में निरीक्षक रजनीकान्त रावत और जी/196 लेह में सहायक कमांडेंट अनिल कुमार के नेतृत्व में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वाहिनी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इन कार्यक्रमों में अधिकारियों एवं जवानों ने स्वच्छता, पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लिया। कार्मिकों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अपने कार्यक्षेत्र और आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
