कचिलवार मुठभेड़ में शहीद प्रधान आरक्षक बड़दी मोहन और आरक्षक दुकारू राम गोंदे को किया गया नमन
बीजापुर। पुलिस स्मृति दिवस पर बुधवार को बीजापुर में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीद स्मारक पर नामों का वाचन कर सलामी दी गई और दो मिनट का मौन रखकर जवानों के बलिदान को याद किया गया। इस दौरान शहीद प्रधान आरक्षक बड़दी मोहन और आरक्षक दुकारू राम गोंदे को नमन किया गया। दोनों जवान नैमेड़ थाना क्षेत्र के कचिलवार जंगल में माओवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हुए थे।

देशभर के 154 जवानों को किया याद
पुलिस स्मृति दिवस पर 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक आंतरिक सुरक्षा के दौरान शहीद हुए सशस्त्र एवं अर्द्धसैनिक बलों के 154 जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इनमें छत्तीसगढ़ के छह जवान शामिल हैं। बीजापुर जिले के जिला बल के दो जवान भी इस अवधि में माओवादी घटना में शहीद हुए थे।

एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने शहीद जवानों की नामावली का वाचन किया। इसके बाद नामावली शहीद स्मारक को अर्पित की गई। जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों और शहीद परिवारों ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
शहीद परिवारों की समस्याएं सुनीं
कार्यक्रम में शहीद परिवारों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर लंबित स्वत्वों के भुगतान की जानकारी ली और समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। शहीद जवानों के बच्चों की छात्रवृत्ति के लिए आवेदन शिक्षा विभाग को भेजने के निर्देश भी दिए गए।जिले के जिन स्कूलों में शहीद जवानों ने शिक्षा प्राप्त की थी, वहां भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में इंद्रावती टाइगर रिजर्व के वनमंडलाधिकारी सुमेद सुरवाड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार मीणा, जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे, एसडीएम राकेश साहू और भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग सहित पुलिस, अर्द्धसैनिक बल एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

