विधायक विक्रम मंडावी ने जिला पंचायत पर उठाए सवाल, जांच और एफआईआर की मांग
बीजापुर। जिले में मनरेगा के तहत 74 हजार पौधे लगाने के नाम पर 16 करोड़ 73 लाख रुपए खर्च किए जाने का मामला सामने आया है। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने आरोप लगाया है कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद जमीन पर पौधे नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने जिला पंचायत बीजापुर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।
शनिवार को जिला मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान मंडावी ने कहा कि VB-G RAM G (मनरेगा) योजना के तहत पौधरोपण के लिए पौधे स्थानीय शासकीय नर्सरी से खरीदने के बजाय आंध्र प्रदेश के राजमहेंद्री से खरीदे जाने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि स्वीकृति आदेश में पौधों की कीमत और खरीदी के स्रोत का स्पष्ट उल्लेख नहीं है।
विधायक ने बताया कि प्रति पौधे पर करीब 2839 रुपए खर्च दर्शाया गया है। इसमें ट्री गार्ड, वर्मी कम्पोस्ट, खाद और दवाइयों का खर्च शामिल है। उनका आरोप है कि सामग्री की दरें स्थानीय बाजार से कई गुना अधिक रखी गईं और बिना जीएसटी बिल के भुगतान किया गया।
निविदा और सत्यापन पर सवाल
मंडावी ने कहा कि पौधरोपण के लिए स्वीकृत समूहों को काम की जानकारी तक नहीं दी गई। सामग्री खरीदी के लिए निविदा प्रक्रिया अपनाई गई या नहीं, इसकी जानकारी भी सार्वजनिक नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि निविदा कब जारी हुई और कितने लोगों ने इसमें हिस्सा लिया?
उन्होंने यह भी कहा कि पौधरोपण स्थलों के भौतिक सत्यापन, भू-टैगिंग, फोटो और तृतीय पक्षीय जांच के प्रमाण उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। यदि 74 हजार पौधे लगाए गए हैं तो उनकी वर्तमान स्थिति और जीवित पौधों की संख्या बताई जानी चाहिए।
जांच और कार्रवाई की मांग
विधायक ने सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कराने, दोषी अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा कथित अनियमितता की राशि वसूलने की मांग की। उन्होंने भुगतान से जुड़े बिल, आदेश और सत्यापन रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी बात कही।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतीय उद्दे सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
