छत्तीसगढ़ – रायपुर से चैतुरगढ़ घूमने जा रहे रामकुंड आश्रम के युवाओं की वैन दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। हादसे की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक विकास उपाध्याय घायलों का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉ. सुरेंद्र शुक्ला अस्पताल एवं अग्रवाल अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

हादसे में रामकुंड आश्रम और आश्रम में रहने वाले युवाओं सहित कुल 10 लोग घायल हुए हैं। विकास उपाध्याय ने भूपेंद्र यादव, अनिश यादव, गरिमा कश्यप, प्रेक्षा यादव, मानस यादव और सिया तिवारी सहित अन्य घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने डॉक्टरों से चर्चा करते हुए घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की बात कही।
इस दर्दनाक हादसे में युवती काजल साहू का निधन हो गया। एक ओर अस्पताल में घायल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं, वहीं काजल की असमय मौत से आश्रम और परिजनों में शोक की लहर है।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने दिवंगत काजल साहू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि इस दुखद घटना से सभी व्यथित हैं।
