रायपुर – राजधानी पुलिस ने करोड़ों रुपये की निवेश धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का बड़ा खुलासा करते हुए 1.13 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में दो महिला आरोपियों को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब 15 वर्षों से ‘वॉश एंड वॉश (Wash & Wash) ब्लैक मनी स्कैम’ के जरिए देशभर में लोगों को अपना शिकार बना रहे थे।
पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के ग्राम बोरिदकला निवासी एवं सालिक ग्रीन रिन्यूएबल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर उमेश कुमार सिन्हा ने थाना तेलीबांधा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कंपनी के विस्तार और नए प्लांट के लिए करीब 45 करोड़ रुपये के निवेश की आवश्यकता थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने खुद को प्रभावशाली व्यक्तियों और विदेशी निवेशकों से जुड़ा बताते हुए निवेश दिलाने का झांसा दिया।

आरोपियों ने चेन्नई और नागपुर में फर्जी बैठकें कराईं, कथित बड़े अधिकारियों से संपर्क होने का दावा किया तथा नकली केमिकल और विशेष रासायनिक प्रक्रिया के जरिए काले नोटों को असली नोटों में बदलने का प्रदर्शन कर विश्वास जीत लिया। इसके बाद विदेशी परीक्षण, हाई-पावर केमिकल, सुरक्षा मंजूरी और फंड रिलीज जैसी अलग-अलग प्रक्रियाओं के नाम पर पीड़ित से कुल 1 करोड़ 13 लाख रुपये ठग लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच के बाद दोनों महिला आरोपियों की पहचान कर उन्हें नागपुर से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय (24), निवासी कोलकाता तथा दीपिका पालीवाल (24), निवासी उदयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, 26 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड और आधार कार्ड सहित करीब 70 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने नागपुर, लखनऊ सहित देश के कई राज्यों में इसी तरह निवेश और फंड दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की है। अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क कर आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। थाना तेलीबांधा में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 330/26 के तहत धारा 318(4) एवं 61(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
