मेडिकल कैंप में मुफ्त इलाज, जरूरतमंदों को वितरित की गई सामग्री
.बीजापुर । जिले के अंदरूनी गांव उल्लूर में 22वीं बटालियन सीआरपीएफ द्वारा रविवार को सिविक एक्शन कार्यक्रम और मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और सुरक्षाबलों के प्रति भरोसा मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम में उल्लूर सहित गुट्टा चंदनगिरी, गुल्लापेटा, कच्चीगुड़ा, नेलमपल्ली, वरदेली और भोपालपट्टनम के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे। इस दौरान जरूरतमंदों को साड़ी, लुंगी, गमछा, बर्तन और मच्छरदानी जैसे दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित की गई। बच्चों को स्कूल बैग और पढ़ाई का सामान दिया गया, वहीं युवाओं को खेल सामग्री प्रदान कर उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया गया।

मेडिकल कैंप में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां दी गईं। कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।

ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से न केवल राहत मिलती है, बल्कि सुरक्षाबलों के साथ आपसी विश्वास और बेहतर तालमेल भी स्थापित होता है।
