Oplus_131072
85वीं बटालियन ने लगाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर, जांच के साथ दवाइयों का किया वितरण
बीजापुर। नक्सल प्रभावित रहे दूरस्थ ग्राम कावड़गांव में बुधवार को 85वीं बटालियन सीआरपीएफ ने निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में कावड़गांव सहित आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।
गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में द्वितीय कमान अधिकारी सुरेश उरांव की उपस्थिति रही। शिविर के दौरान वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की तथा विभिन्न बीमारियों से पीड़ित लोगों को चिकित्सकीय परामर्श दिया।
वर्षा ऋतु को देखते हुए ग्रामीणों को दूषित पानी के सेवन से होने वाली बीमारियों, संक्रमण और मौसमी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई। चिकित्सकों ने स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के उपयोग पर विशेष जोर दिया।

सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों तक बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करना है। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर काफी लाभदायक साबित हो रहे हैं। शिविर में कंपनी कमांडर निरीक्षक अनिल कुमार सहित बटालियन के अन्य अधिकारी एवं जवान भी मौजूद रहे।
शिविर में क्या-क्या हुआ
▪️ कावड़गांव में 85वीं बटालियन सीआरपीएफ ने लगाया चिकित्सा शिविर
▪️ ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया
▪️ जरूरतमंद मरीजों को दवाइयों का वितरण
▪️ वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों से बचाव की जानकारी दी गई
▪️ स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के उपयोग के लिए किया जागरूक
▪️ ग्रामीणों ने सीआरपीएफ की पहल की सराहना की
“ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना भी हमारा उद्देश्य है — सुरेश उरांव, द्वितीय कमान अधिकारी, 85वीं बटालियन सीआरपीएफ
