कानपुर में मालगाड़ी की बोगी पटरी से उतर गई जिसके बाद लोको पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। मरम्मत कार्य किया जा रहा है, जिससे रेल रूट प्रभावित है।
दैनिक मूक पत्रिका:- कानपुर में दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर मालगाड़ी की बोगी पटरी से उतर गई। लोको पायलट की सूझबूझ से बड़ी घटना होने से टली। घटना की जानकारी लगने पर रेलवे के आलाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मालगाड़ी के बोगी के कुछ पहिए बेपटरी हो गए। मौके पर पहुंचे रेलवे के कर्मचारी मरम्मत का कार्य करने में जुटे हैं।
मालगाड़ी की बोगी के कुछ पहिये बेपटरी होने से कई ट्रेनों का आवागमन बाधित है। श्रमशक्ति एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, संगम एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस और ऊंचाहार एक्सप्रेस ट्रेनें लगभग 2 घंटे लेट चल रही हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार जल्द ही मरम्मत कार्य को पूरा कर लाइन पर ट्रेनों का संचालन सुचारू रूप से चालू कर दिया जाएगा।
क्षतिग्रस्त बोगी को पटरी पर चढ़ाने की कोशिश
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रेल की पटरी पर कोई बाधा या तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन विस्तृत जांच जारी है। घटना की जानकारी लगते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी जिसमें डिविजनल रेल मैनेजर और इंजीनियरिंग टीम शामिल थी वह सभी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने क्रेन और उपकरणों की मदद से क्षतिग्रस्त बोगी को पटरी पर चढ़ाने का कार्य शुरू किया।
