ग्राम बलौदीकला की किसान बहन गीता पटेल ने बारगांव धान खरीदी केंद्र में 105 क्विंटल धान विक्रय किया
दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा- जिले में चल रही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था किसानों के लिए बड़ी राहत बनकर उभर रही है। सुव्यवस्थित प्रबंध, पारदर्शी प्रक्रिया और किसानों के लिए बनाए गए बेहतर सुविधाजनक वातावरण के कारण इस वर्ष धान उपार्जन कार्य सुचारू रूप से जारी है। इसी क्रम में ग्राम बलौदीकला की किसान बहन गीता पटेल ने बीते बुधवार को बारगांव धान खरीदी केंद्र में 105 क्विंटल धान का सफलतापूर्वक विक्रय किया। केंद्र में किसानों के लिए पीने के पानी, छाया, टोकन, बारदाना, तौल मशीन एवं सुगम परिवहन व्यवस्था जैसे सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। इन व्यवस्थाओं ने किसानों को लंबी प्रतीक्षा और अनावश्यक परेशानी से निजात दिलाई है।
धान तौल प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और डिजिटल साधनों से संपन्न की जा रही है, जिससे किसान को त्वरित पर्ची और समय पर भुगतान की गारंटी मिल रही है। गीता पटेल ने धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि “सरकार और जिला प्रशासन द्वारा किसान हित में जो प्रबंध किए गए हैं, उससे धान बेचने में बिल्कुल भी समस्या नहीं हो रही है। समय पर टोकन, सही तौल और भुगतान की सुनिश्चितता किसानों के लिए बड़ा सहारा है।” कलेक्टर रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन में पूरे जिले के 129 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी कार्य लगातार सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। प्रशासन ने किसानों को सुविधाओं का लाभ बिना किसी बाधा के देने के लिए पहले से ही व्यापक तैयारी की है। अधिकारियों की नियमित मॉनिटरिंग, स्थल निरीक्षण और त्वरित समाधान की व्यवस्था से किसानों को अत्यधिक लाभ पहुंच रहा है। बारगांव केंद्र में भी खरीदी कार्य तेजी और पारदर्शिता के साथ जारी है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान अपना धान सहजता और संतुष्टि के साथ विक्रय कर रहे हैं।
जिले में धान उपार्जन की बढ़ती रफ्तार और किसानों के उत्साह से स्पष्ट है कि बेहतर व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता ने किसानों में भरोसा बढ़ाया है। किसान बहन गीता पटेल जैसी अनेक महिला कृषक भी अब आत्मविश्वास के साथ धान विक्रय कर आर्थिक मजबूती की ओर कदम बढ़ा रही हैं।
