ठेकेदार कर रहा है मनमानी,
विभाग सिर्फ चेतावनी देकर बच रहा है
दैनिक मूक पत्रिका/बीजापुर- आवापल्ली मार्ग के दुगईगुड़ा में निर्माणाधीन रिटर्निंग वाल को लेकर एक बार फिर सरकारी निर्माण कार्यों की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि काम में लगातार लापरवाही हो रही है। निर्माण में 8 एमएम सरिया लगाया जा रहा है और वाल को ग्राउंड लेवल पर एल-आकार में खड़ा किया जा रहा है, जबकि तकनीकी मानक इससे अलग डिजाइन तय करते हैं। ग्रामीणों ने इसे खुला भ्रष्टाचार बताते हुए कहा कि कमजोर निर्माण सीधा खतरा बन जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के सब इंजीनियर गजेन्द्र ठाकुर ने भी माना कि शुरुआत में काम मानकों से हटकर किया जा रहा था। विभाग ने ठेकेदार को सिर्फ फटकार लगाकर छोड़ दिया और सुधार के निर्देश दे दिए। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की यह नरमी ही मनमानी का कारण है, क्योंकि मौके पर मजबूत निगरानी नहीं होती।

करीब 20 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह 48 मीटर लंबा स्ट्रक्चर टी-सेफ डिजाइन पर आधारित बताया गया है, लेकिन जमीन पर की जा रही मेहनत इससे मेल नहीं खाती। ग्रामीणों का कहना है कि जब सार्वजनिक धन खर्च हो रहा है, तो गुणवत्ता से समझौता क्यों किया जा रहा है।
लोग अब इस मामले को कलेक्टर के सामने ले जाने की तैयारी में हैं। उनका कहना है कि विभाग से उम्मीद टूट गई है और उच्चस्तरीय दखल जरूरी हो गया है। आरोपों के सामने आने के बाद इलाके में यह चर्चा तेज है कि आखिर क्यों हर बड़े निर्माण में एक जैसी खामियां और एक जैसे बहाने सामने आते हैं।
