मूक पत्रिका/बीजापुर | थाना जांगला अंतर्गत ग्राम पंचायत बरदेला में शहीद प्रधान आरक्षक बुधराम कोरसा की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उल्लेखनीय है कि आज ही के दिन माओवादियों ने सर्चिंग अभियान से लौट रही पुलिस पार्टी को अम्बेली नाला के पास IED विस्फोट से निशाना बनाया था। इस हमले में दंतेवाड़ा में पदस्थ डीआरजी के 9 जवानों और एक वाहन चालक ने देश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी थी।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। संकल्प मार्च 2026 के तहत क्षेत्र को नक्सल-मुक्त बनाने की दिशा में सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं और शहीद जवानों का साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।
प्रतिमा अनावरण के बाद शहीद बुधराम कोरसा के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। इस मौके पर पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और शहीद के परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
