महुआ पेड़ के नीचे खड़े थे पशु, तीन पशुपालकों को नुकसान
भैरमगढ़/बीजापुर। रविवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और उसपरी गांव में बड़ा नुकसान हो गया। तेज गरज-चमक के बीच गिरी आकाशीय बिजली से 9 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब सभी मवेशी गांव के पास महुआ पेड़ के नीचे खड़े थे।
गांव वालों के मुताबिक शाम को अचानक बादल घिर आए, फिर तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान जोरदार कड़क के साथ बिजली गिरी और देखते ही देखते वहां खड़े मवेशी जमीन पर गिर पड़े। कुछ ही पलों में सभी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और लोग सहम गए।
इस हादसे में लच्चू माड़वी के 5, दसूराम ओयम के 2 और विक्रम जायसवाल के 2 मवेशी मारे गए हैं। एक साथ इतनी संख्या में मवेशियों की मौत से पशुपालकों को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही प्रशासन और पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ितों को मदद का भरोसा दिया है। साथ ही लोगों को समझाइश दी गई है कि खराब मौसम में खुले जगहों से दूर रहें और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
