दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा – गंगा महाआरती के तीसरे वर्ष के अवसर पर इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया जाएगा। यह पावन महाआरती आगामी 22 जनवरी को माँ भद्रकाली तालाब में श्रद्धा, भक्ति और आस्था के वातावरण में संपन्न होगी।
आयोजन की तैयारियों को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने माँ भद्रकाली तालाब स्थित आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि गंगा महाआरती केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। तीसरे वर्ष के इस आयोजन को और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं।
उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गंगा महाआरती में सहभागिता करने की अपील भी की।
इस अवसर पर माँ कालिका समिति के सदस्य अमरीका निर्मलकर, किसान नेता हर्षवर्धन तिवारी, गौरव साहू, आकिब मालकानी, विजय लखानी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
