एफओबी ताड़पाला में 196 बटालियन ने फहराया राष्ट्रध्वज, सुरक्षा और शांति की वापसी का दिया संदेश
बीजापुर | कर्रेगुट्टा की जिन पहाड़ीयों पर कभी माओवाद का प्रभाव रहा, वहां इस स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा शान से लहराया। 196 बटालियन के जवानों ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित एफओबी ताड़पाला में राष्ट्रध्वज फहराया। दशकों बाद इस इलाके में तिरंगा फहराया जाना इलाके में मजबूत होती सुरक्षा व्यवस्था और बदलते माहौल की तस्वीर के रूप में सामने आया।
14 अगस्त को पहुंचे थे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा,प्रभारी मंत्री केदार कश्यप,बस्तर सांसद महेश कश्यप और पूर्व मंत्री महेश गागड़ा
196 बटालियन के कमांडेंट कुमार मनीष के नेतृत्व में कर्रेगुट्टा इलाके में एफओबी ताड़पाला और एफओबी ताड़पाला घाटी के रूप में दो फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस स्थापित किए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस पर एफओबी ताड़पाला में उप कमांडेंट गुलशन तिकी के नेतृत्व में तिरंगा फहराया गया। सहायक कमांडेंट विनोद कुमार समेत अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

वहीं, एफओबी ताड़पाला घाटी में सहायक कमांडेंट तरुण कुमार मीणा के नेतृत्व में जवानों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया। दुर्गम इलाके में तैनात जवानों ने उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया।
इससे एक दिन पहले 14 अगस्त को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप और पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा एफओबी ताड़पाला पहुंचे थे। उन्होंने शहीद जवानों को नमन करते हुए तिरंगा फहराया और उनकी स्मृति में पौधरोपण किया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कर्रेगुट्टा में तिरंगे का फहराया जाना उन जवानों के साहस, समर्पण और बलिदान को नमन है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी देश की सुरक्षा के लिए कर्तव्य निभाया। उन्होंने इसे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, विकास और विश्वास की नई शुरुआत का प्रतीक बताया।
दो एफओबी से मजबूत हुई सुरक्षा
कर्रेगुट्टा क्षेत्र में एफओबी ताड़पाला और एफओबी ताड़पाला घाटी की स्थापना से दुर्गम पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों की मौजूदगी मजबूत हुई है। इन फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस के जरिए क्षेत्र में लगातार निगरानी और सुरक्षा गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

तिरंगे के साथ शहीदों को नमन
14 अगस्त को एफओबी ताड़पाला पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शहीदों की स्मृति में पौधरोपण किया गया। स्वतंत्रता दिवस पर जवानों ने भी शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रध्वज फहराया।

