थाना उसूर और ईलमिड़ी ने की संयुक्त कार्रवाई
दैनिक मूक पत्रिका बीजापुर । जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना उसूर और ईलमिड़ी पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल सात माओवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों पर पुलिस मुखबिरी के संदेह में दो ग्रामीणों की निर्मम हत्या करने का आरोप है। यह कार्रवाई थाना उसूर, ईलमिड़ी, छसबल 9वीं वाहिनी, केरिपु-196, 229 और कोबरा-205 की संयुक्त टीम ने की। 1 अक्टूबर 2025 को पुजारीकांकेर निवासी भीमा मड़कम की माओवादियों ने टंगिया और चाकू से हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने नेलाकांकेर और गुंजेपर्ती क्षेत्र के पांच माओवादी गिरफ्तार किए हैं – रेंगा पिड़गा उर्फ गुंडम, हड़मा काका, शंकर एसम उर्फ गोलेम, मड़कम बुधरा और सोढ़ी अंदा। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किए गए हैं। इसी तरह थाना ईलमिड़ी क्षेत्र में मुजालकांकेर निवासी सत्यम पूनेम की हत्या पुलिस मुखबिरी के शक में की गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो माओवादी महेन्द्र मिच्चा और लक्ष्मण कुरसम को गिरफ्तार किया है। दोनों को ईलमिड़ी थाना और छसबल 9वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने पकड़ा। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इन गिरफ्तारियों से क्षेत्र में सक्रिय नक्सली नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ेगा।

